प्रधानमंत्री के आगमन पर सीतामढ़ी को ₹211.63 करोड़ की 10 विकास योजनाओं की सौगात, सुरसंड के पररी, मरुकी और सोनदही में स्वास्थ्य उपकेंद्रों का उद्घाटन
सीतामढ़ी। प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे के दौरान सीतामढ़ी जिले को कुल 211 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत वाली 10 विकास योजनाओं की सौगात मिल रही है। इन योजनाओं में पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, जिससे जिले के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सबसे बड़ी योजना सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी है। करीब 197 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से जलापूर्ति परियोजना का शिलान्यास किया जा रहा है। इसके तहत नगर निगम के सभी 46 वार्डों में लगभग 18 हजार 599 परिवारों को पाइपलाइन के माध्यम से 24 घंटे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
वहीं, डुमरा प्रखंड के मनियारी पंचायत में 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्लस टू विद्यालय भवन का उद्घाटन किया गया है। इससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही 11वीं और 12वीं की पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डुमरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 5 करोड़ 75 लाख रुपये तथा बथनाहा प्रखंड के महुआवा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 1 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
इसके अलावा सुरसंड प्रखंड के पररी, मरुकी और सोनदही, चोरौत प्रखंड के बलसा तथा परिहार प्रखंड के पिपरा खुर्द में पांच पूर्व-निर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्रों का उद्घाटन किया जा रहा है। इन स्वास्थ्य केंद्रों से ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, मातृत्व सेवा, स्वास्थ्य जांच और अन्य बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
वहीं, विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रुन्नीसैदपुर के 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र से 33 केवी की दो नई विद्युत लाइनों का निर्माण किया गया है। इन लाइनों को औराई के पुराने पावर सब स्टेशन तथा गोविंद पिटौझिया के नवनिर्मित पावर सब स्टेशन से जोड़ा जाएगा, जिससे करीब 40 हजार बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के तहत सीतामढ़ी जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है। खासकर सुरसंड प्रखंड के पररी, मरुकी और सोनदही में स्वास्थ्य उपकेंद्रों के उद्घाटन से ग्रामीण आबादी को घर के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में इन योजनाओं से सीतामढ़ी जिले के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
#सीतामढ़ी #सुरसंड #पररी #मरुकी #सोनदही #प्रधानमंत्री #विकासयोजना #स्वास्थ्यसेवा #Bihar #Sitamarhi #Sursand #BiharDevelopment #BNPUNews #BreakingNews #RKSoniJournalist