➡️ सीएमएचओ डॉ. पटैरिया ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, जांच एवं एनीमिया-PIH प्रबंधन की नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
➡️ जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक संपन्न
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटैरिया की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सूचकांकों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, भुगतान संबंधी प्रकरणों एवं अन्य विषयों की जिला स्तरीय समीक्षा की गई । बैठक में जिला स्तर से जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, डीपीएम, डीएएम, डीसीएम, एपीएम एवं पीएचएम तथा विकासखंड स्तर से समस्त मुख्य/खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीसीएम एवं बीएएम उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं के पूर्ण एवं समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने, आवश्यक जांचें समय पर पूर्ण कराने तथा जांचों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। मॉडरेट एवं सीवियर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका समय पर उपचार एवं उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही PIH (Pregnancy Induced Hypertension) के प्रकरणों की पहचान, नियमित निगरानी एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विकासखंडवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार डिलीवरी अपडेशन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए डिलीवरी संबंधी जानकारी को समय पर पोर्टल एवं संबंधित अभिलेखों में अपडेट करने के निर्देश दिए गए। बीएमसी सागर के डाटा एंट्री ऑपरेटर को विकासखंडवार डिलीवरी अपडेशन की सूची उपलब्ध कराई गई, ताकि लंबित डिलीवरी प्रकरणों का आवश्यकतानुसार अपडेशन किया जा सके।
➡️ स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए रणनीति बनाने के निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटैरिया ने सभी विकासखंडों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य सूचकांकों की स्थिति का नियमित विश्लेषण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सूचकांकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनके सुधार के लिए सेक्टर स्तर की बैठकों में स्पष्ट रणनीति तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, समय पर जांच, एनीमिया एवं PIH के प्रबंधन, डिलीवरी अपडेशन तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कम उपलब्धि वाले सेक्टरों को चिन्हित कर कम उपलब्धि के कारणों का विश्लेषण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धि बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने को कहा।
बैठक में विकासखंड स्तर के अधिकारियों को मैदानी अमले के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026