श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के लिए विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित
----
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार शनिवार को श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के लिए प्रदेशव्यापी विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति श्री विवेक रूसिया तथा न्यायमूर्ति श्री विशाल मिश्रा द्वारा किया गया।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री रविन्दर सिंह ने की। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री राजेश कुमार देवलिया एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विष्णु प्रसाद सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छतरपुर के एडीआर भवन में आयोजित इस शिविर में जिले के लगभग 24 श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान मीडिएशन, समान अवसर का अधिकार, शासकीय कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंच, संस्थागत सहयोग, तनाव प्रबंधन, योग एवं मनोविज्ञान के माध्यम से भावनात्मक सशक्तिकरण तथा दिव्यांगजनों के लिए विधिक सेवाओं और अधिकारों से संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्रों का संचालन अनुजा सक्सेना (सीनियर ट्रेनर, एमसीपीसी, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया), अजय खेमरिया (कमिश्नर फॉर पर्सन्स विद डिसएबिलिटीज, मध्यप्रदेश शासन), श्री पराग जैन (योग विशेषज्ञ एवं मनोचिकित्सक), श्री सुमन श्रीवास्तव (सदस्य सचिव, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण), गुरमुख सिंह लांबा (वरिष्ठ सलाहकार, जुवेनाइल जस्टिस कमेटी, हाईकोर्ट मध्यप्रदेश) तथा करूणा राव (प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर, जुवेनाइल जस्टिस कमेटी) द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय छतरपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड ने उपस्थित श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। मेडिकल टीम में डॉ. मोहम्मद शोएब रजा, डॉ. अनिल अहिरवार, मोहम्मद असद हाशमी (ऑडियोलॉजिस्ट), अनूप शुक्ला (फार्मासिस्ट) तथा शिवम तिवारी (प्रभारी जिला दिव्यांग मेडिकल बोर्ड) शामिल रहे।
साथ ही सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं पेंशन संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र कुमार चढ़ार, प्रशासनिक अधिकारी एराकेश शर्मा, आईटी विशेषज्ञ श्री अभिषेक नेमा, श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के परिजन तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh