गोंडा में वजीरगंज के धनेश्वरपुर गांव में बुधवार देर रात करीब 10 बजे बारात के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में डीजे आने से करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आकर डीजे और रोड लाइट के काम में लगे छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जिला प्रभारी जितेंद्र पांडेय के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वजीरगंज पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान 14 वर्षीय अफरोज निवासी सोहावल, अयोध्या की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय दीपक कुमार, 15 वर्षीय रवि कुमार, 18 वर्षीय कुलदीप, 23 वर्षीय राजू और 24 वर्षीय अजीत का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी छह लोग अयोध्या जिले के सोहावल क्षेत्र के रहने वाले थे और धनेश्वरपुर गांव में आई बारात में डीजे व रोड लाइट का काम कर रहे थे। तरबगंज के क्षेत्राधिकारी डॉ. उमेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि डीजे हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से हादसा हुआ। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान एक किशोर की मौत हुई है, जबकि अन्य पांच घायलों की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Gonda, Gonda | Nov 12, 2026