निर्माणाधीन मकान में चल रहा था अवैध कारोबार, पुलिस की दबिश पड़ते ही जंगल में भागे धंधेबाज
बोकारो:- बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के बड़े ठिकाने का खुलासा करते हुए 5500 लीटर स्पिरिट जब्त की है। जंगल-झाड़ियों के बीच क्रशर खदान के समीप स्थित एक निर्माणाधीन मकान में स्पिरिट छिपाकर रखी गई थी। इसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाना था।छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही धंधे में शामिल लोग घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा को 16 नवंबर को अवैध स्पिरिट के भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। उनके निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। इसमें महुआटांड़, जगेश्वर विहार और ललपनिया थानों की पुलिस शामिल थी। टीम ने धरमपुर स्थित संदिग्ध मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। इस दौरान तीन सिंटेक्स टंकियों से 2700 लीटर और 14 नीले ड्रम से 2800 लीटर स्पिरिट बरामद हुई। पुलिस ने कुल 5500 लीटर अवैध स्पिरिट जब्त कर ली। फरार कारोबारियों की तलाश में आसपास के जंगलों में छानबीन भी की गई, लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया। मामले में महुआटांड़ थाना कांड संख्या 50/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 274/275 और झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
Chas, Bokaro | Nov 17, 2026