राजकीय कन्या महाविद्यालय में छह दिवसीय मानसिक सशक्तिकरण व आत्मरक्षा व्याख्यानमाला संपन्न, ब्रह्माकुमारीज की रानी दीदी ने सिखाए सकारात्मक सोच के गुर #Lalbahadurbhakhar #pilibanga #hanumangarhnews #BreakingNews
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)।
स्थानीय राजकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को मानसिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित छह दिवसीय विशेष व्याख्यानमाला शनिवार को संपन्न हुई। 'रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण' के तहत 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक चले इस विशेष बौद्धिक सत्र का आयोजन ब्रह्माकुमारीज आश्रम, पीलीबंगा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।
व्याख्यानमाला का मुख्य ध्येय छात्राओं में मानसिक सुदृढ़ता विकसित करना, वैचारिक चिंतन को सकारात्मक दिशा देना, एकाग्रता बढ़ाना तथा विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा हेतु मानसिक रूप से सक्षम बनाना रहा।
सकारात्मक चिंतन ही सबसे बड़ी आंतरिक शक्ति और वास्तविक आत्मरक्षा: रानी दीदी
समापन सत्र के दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य वक्ता रानी दीदी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए मानसिक स्वास्थ्य, विचारों की शुद्धता और एकाग्रता संवर्धन के व्यावहारिक तौर-तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने प्रेरक संदेश दिया कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, इंसान को हर परिस्थिति में अपनी सोच सकारात्मक बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने रेखांकित किया कि सकारात्मक वैचारिक चिंतन ही व्यक्ति की सबसे बड़ी आंतरिक पूंजी और वास्तविक आत्मरक्षा का आधार है।
छात्राओं के आत्मविश्वास निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा प्रशिक्षण: समेस्ता देहडू
सत्र के समापन अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्रभारी अधिकारी समेस्ता देहडू ने ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के मानसिक, बौद्धिक व सर्वांगीण विकास के लिए यह ज्ञानवर्धक सत्र अत्यंत उपयोगी साबित हुआ है। यह प्रशिक्षण बालिकाओं के भीतर आत्मविश्वास का संचार करने और उन्हें मानसिक तौर पर सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक व अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।