भोपाल - गौतम नगर में डेंगू लार्वा सर्वे कार्य का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
21 जोन में 1,501 घरों का सर्वे, 46 घरों और 51 कंटेनरों में मिला लार्वा, नष्टीकरण की कार्रवाई की गई
भोपाल शहर में डेंगू की रोकथाम एवं मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के उद्देश्य से बुधवार को जोन क्रमांक-10 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-45 के गौतम नगर क्षेत्र में डेंगू लार्वा सर्वे कार्य का निरीक्षण किया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमती स्मृता नामदेव, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना मिश्रा एवं वीबीडी सलाहकार श्रीमती रुचि सिलाकारी ने क्षेत्र का भ्रमण कर लार्वा सर्वे कार्य का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सर्वे टीम के साथ घरों में पहुंचकर मच्छरों के उत्पत्ति स्थलों का निरीक्षण किया तथा रहवासियों को घरों के आसपास अनुपयोगी सामग्री हटाने और उनमें पानी जमा नहीं होने देने की समझाइश दी।
मलेरिया के जोनल प्रभारी श्री मयंक सक्सेना एवं उनकी टीम द्वारा क्षेत्र में लार्वीसाइड का छिड़काव किया गया तथा नागरिकों को डेंगू से बचाव संबंधी पंपलेट वितरित कर जागरूक किया गया।
21 जोन में 1,501 घरों का सर्वे
डेंगू नियंत्रण अभियान के तहत बुधवार को शहर के समस्त 21 जोन में कुल 1,501 घरों में लार्वा सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान 46 घरों में लार्वा पाया गया। टीमों द्वारा कुल 10,615 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें से 51 कंटेनरों में लार्वा मिला। लार्वा पाए गए कंटेनरों में नष्टीकरण की कार्रवाई करते हुए लार्वीसाइड का छिड़काव भी किया गया।
डेंगू के लक्षण
डेंगू एक वायरल बीमारी है, जो संक्रमित एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों एवं मांसपेशियों में दर्द, भूख न लगना, उल्टी आना, आंखों के पीछे दर्द तथा छाती एवं त्वचा पर चकत्ते पड़ना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
डेंगू से बचाव के उपाय
डेंगू का मच्छर रुके हुए साफ पानी में पनपता है। इससे बचाव के लिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें तथा उपयोग नहीं होने पर उसका पानी खाली कर कूलर को सुखाकर रखें। ड्रम, टंकी एवं अन्य जल संग्रहण पात्रों को हमेशा ढककर रखें, ताकि मच्छर उनमें अंडे न दे सकें।
इसके साथ ही सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा घरों के दरवाजों एवं खिड़कियों पर मच्छररोधी जालियां लगवाएं। बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं।
CM Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Bhopal
Bhopal, Madhya Pradesh | Nov 4, 2026