देवास में स्कूल बसों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 4 बसों पर कार्रवाई; ₹18 हजार का जुर्माना
देवास। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग लगातार स्कूल बसों की जांच कर रहा है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर बुधवार को देवास शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बीसीएम स्कूल, किंडर स्कूल, यूनानी कॉलेज, चैतन्य टेक्नो सहित अन्य संस्थानों की स्कूल बसों का औचक निरीक्षण किया। अभियान में 4 स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUC) से संबंधित कमियां पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करते हुए 18 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की। साथ ही वाहनों के PUC प्रमाण-पत्र भी जांचे गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले में स्कूल बसों की जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Dewas Nagar, Dewas | Aug 5, 2026