रामगंगा की कोख पर बालू माफियाओं का हमला! हरदोई में दिनदहाड़े अवैध खनन, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल
.
#हरदोई। जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी से खुलेआम हो रहे अवैध बालू खनन ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवायजपुर तहसील के अलीगंज ननखेरा गांव के पास दिनदहाड़े दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां नदी में उतरकर सैकड़ों घन मीटर बालू निकाल रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह खेल लंबे समय से जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
ग्राउंड जीरो से सामने आई तस्वीरों में मजदूरों द्वारा फावड़ों से बालू भरते, कतारबद्ध ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और खुलेआम हो रहा खनन साफ दिखाई देता है। यह पूरा काम ऐसी जगह हो रहा है जो मुख्य मार्ग से भी दिखाई देता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि हरपालपुर पुलिस, राजस्व विभाग और खनन विभाग की नजर आखिर इस गतिविधि पर क्यों नहीं पड़ रही।
नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार चल रहा है। उनका आरोप है कि शिकायत करने पर लोगों को धमकियां मिलती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे खनन से नदी किनारे की कृषि भूमि कटान का शिकार हो रही है और भविष्य में बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना रॉयल्टी और बिना वैध अनुमति के निकाली जा रही बालू से सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, जबकि अवैध कारोबार करने वाले माफिया मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।
Hardoi, Hardoi | Jul 12, 2026