नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म व हत्या पर भड़का जनाक्रोश, सड़क पर शव रखकर किया चक्का जाम; तीन आरोपी गिरफ्तार
भिंड। जिले में 9वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने छात्रा का शव सड़क पर रखकर चक्का जाम किया तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।