गुरुपूर्णिमा पर संत सम्मान: मुख्यमंत्री की प्रेरणा से रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी ने स्वामी धर्मानन्द जी महाराज को किया सम्मानित,,
सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं आध्यात्मिक परंपरा के संवर्धन का दिया संदेश,,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशभर में संत-महात्माओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर पूज्य स्वामी धर्मानन्द जी महाराज को अंगवस्त्र एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा संत परंपरा के सम्मान के लिए यह विशेष पहल की गई है। उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव राष्ट्र और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। संतों की प्रेरणा से सेवा, संस्कार, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की भावना सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि गुरुपूर्णिमा केवल गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति आस्था को सुदृढ़ करने का भी अवसर है।