अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए रांची प्रशासन की पहल, 8 जागरूकता वाहन रवाना
#रांची:- जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। बुधवार को मोरहाबादी मैदान से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले नुकसान और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे। साथ ही लोगों से अफीम की खेती और इसके अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की जाएगी।
अफीम की खेती करने पर हो सकती है कड़ी सजा
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें 20 साल तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती न करें और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को इस उद्देश्य से अपनी जमीन लीज या पट्टे पर दें।
सूचना देने वालों की पहचान रखी जाएगी गोपनीय
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफीम की अवैध खेती या कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अवैध खेती और कारोबार में शामिल लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। अफीम की खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ-साथ इससे अर्जित अवैध धन और संपत्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमीन और जल स्रोतों पर भी पड़ता है असर
अभियान के माध्यम से लोगों को अफीम की खेती से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इससे जमीन की उर्वरता प्रभावित होने के साथ तालाब, नदी और कुओं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा रहता है।
इसके अलावा अफीम और इससे बने उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक है। नशे की लत से विशेषकर युवा पीढ़ी प्रभावित होती है, जिसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाकर अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी रोक लगाना और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
#RanchiNews #JharkhandNews #RanchiAdministration #AntiDrugCampaign #OpiumCultivation #DrugFreeJharkhand #ManjunathBhajantri #RanchiPolice #JharkhandPolice #GPLNEWS
Bariyatu, Latehar | Nov 25, 2026