विकसित भारत जी रामजी अधिनियम' से बदलेगी ग्राम पंचायतों की तस्वीर और तकदीर- सांसद श्री लोधी
==
जन-जागरूकता से सफल होगी विकसित भारत-जी राम जी योजना- विधायक श्री मलैया
==
7,500 करोड़ रूपये से अधिक के प्रावधान से होगा गांवों का समग्र विकास,
==
ग्रामीणों को मिलेगा अधिक रोजगार और बेहतर सुविधाएं
==
ग्राम पंचायत हथना में विकसित भारत गारंटी' जिला स्तरीय जन सम्मेलन लॉन्च कार्यक्रम सम्पन्न
===
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'विकसित भारत-जी राम जी योजना' का शुभारंभ गुरुवार, 2 जुलाई से हो गया है। यह योजना ग्राम पंचायतों की तकदीर और तस्वीर बदलने वाली साबित होगी। 7,500 करोड़ रूपये से अधिक के वित्तीय प्रावधान के साथ यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, रोजगार सृजन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी प्रदान की जाएगी। मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा तथा निर्धारित समय में कार्य उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ते का भी प्रावधान किया गया है। इस आशय के विचार दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने ग्राम पंचायत हथना में विकसित भारत गारंटी' जिला स्तरीय जन सम्मेलन लॉन्च कार्यक्रम में व्यक्त किए।
सांसद श्री लोधी ने कहा योजना के माध्यम से डिजिटल जॉब कार्ड, तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन प्रणाली तथा समयबद्ध एवं पारदर्शी भुगतान व्यवस्था लागू की गई है, जिससे लाभार्थियों को अधिक सुविधा और पारदर्शिता मिलेगी। उन्होंने कहा इस योजना में मनरेगा की तुलना में अधिक मजदूरी का प्रावधान किया गया है। मजदूरी दर लगभग 300 रूपये प्रतिदिन या उससे अधिक निर्धारित की गई है, जिससे ग्रामीण श्रमिकों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होने कहा विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, ग्रामीण सड़कों का निर्माण, वृक्षारोपण तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष बल दिया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण युवाओं के लिए कौशल विकास एवं आजीविका के नए अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
उन्होंने कहा योजना में सामाजिक अंकेक्षण एवं डिजिटल निगरानी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की कार्ययोजना ग्राम सभा के माध्यम से तैयार की जाएगी, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता तय कर विकास कार्यों का चयन किया जा सके।
सांसद श्री लोधी ने कहा विकसित भारत-जी राम जी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी, रोजगार के अवसरों में वृद्धि करेगी तथा गांवों के समग्र एवं सतत विकास की मजबूत आधारशिला रखेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। साथ ही इस योजना के लिए उनके द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया ने कहा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'विकसित भारत-जी राम जी योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक विकासखंड (ब्लॉक) स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा इन कार्यशालाओं के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को योजना के उद्देश्य, प्रावधानों तथा क्रियान्वयन प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।उन्होंने कहा कार्यशालाओं में यह भी बताया जाए कि योजना के संचालन के दौरान किस प्रकार की कठिनाइयां सामने आ सकती हैं तथा उनका समाधान किस प्रकार किया जा सकता है। इससे योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता आएगी तथा जनभागीदारी भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल एवं जनपद अध्यक्ष प्रीति कमल ठाकुर ने जी राम जी योजना के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने जी राम जी योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पौधरोपण एवं साईकिल वितरण भी किया गया।
48 views | Damoh, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026