युवा संवाद में राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण पर युवाओं ने रखे विचार
#पथरदेवा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खंड पथरदेवा की ओर से संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चलाए जा रहे युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन देवता देवी महाविद्यालय, अहिरौली बघउच घाट, पथरदेवा में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक नीलेश्वर राय, प्राचार्य आशुतोष जी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क प्रमुख एवं मुख्य वक्ता आशुतोष मिश्र ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन और राष्ट्रगान के साथ किया।
मुख्य वक्ता आशुतोष मिश्र ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रहित की भावना युवाओं के जीवन में सर्वोच्च स्थान रखनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने नागरिक दायित्वों को समझने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और अखंडता की रक्षा के लिए अनेक वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह उनके त्याग, आदर्श और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।
संवाद के दौरान पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, स्वच्छता, जल संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ ही जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन विजय राव ने किया। इस अवसर पर खंड कार्यवाह सुशील पांडेय, शारीरिक प्रमुख रितेश गिरी, अनुराग पटेल सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।