किसानों के लिए बड़ी सौगात: अब टीकमगढ़ में सीधे पहुंचेगी आईपीएल कंपनी की खाद, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की पहल लाई रंग
टीकमगढ़। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से खाद आपूर्ति व्यवस्था में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से अब आईपीएल (इंडियन पोटाश लिमिटेड) कंपनी का उर्वरक रैक सीधे टीकमगढ़ रेलवे रैक पॉइंट पर पहुंचना शुरू हो गया है। इस नई व्यवस्था से जिले के हजारों किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें अनावश्यक इंतजार व परिवहन संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन की सक्रिय पहल और कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप यह व्यवस्था लागू हो सकी है। कलेक्टर ने स्वयं खाद वितरण व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं, ताकि उर्वरक का वितरण सुचारू और पारदर्शी ढंग से किया जा सके।