समूह की महिलाएं ले रही ई-रिक्शा चालन का प्रशिक्षण
श्योपुर, 14 जुलाई 2026
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सौम्या आनंद के निर्देशन में स्वसहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों से जोडा जा रहा है। इसी क्रम में समूह की 25 महिलाओं को ई-रिक्शा चालन का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
डीपीएम एनआरएलएम श्री सोहनकृष्ण मुदगल ने बताया कि बडौदा, ललितपुरा, कराहल, बरगवा आदि क्षेत्र की स्वसहायता समूहों से जुडी 25 महिलाओं को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण (आरसेटी) के माध्यम से ई-रिक्शा चलाने का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय प्रशिक्षण 18 जुलाई तक जारी रहेगा। प्रशिक्षण के तहत कुशल प्रशिक्षको द्वारा महिलाओं को वाहन चालक के रूप में प्रशिक्षित करने तथा मोटरयान अधिनियम के तहत विभिन्न आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही उन्हें यातायात के नियमों के संबंध में भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। इन हाउस प्रशिक्षण के साथ ही वीर सावरकर स्टेडियम श्योपुर में इन महिलाओं को ऑन फील्ड प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है तथा भौतिक रूप से ई-रिक्शा चलाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित सभी 25 महिलाओं को शासन की योजना के तहत बैंको से ई-रिक्शा क्रय करने के लिए बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
NRLM
#JansamparkMP
#sheopur