कोडरमा में पहली बार निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा
19 जुलाई को सुभाष चौक से संकट मोचन मंदिर तक निकलेगा 40 फीट ऊंचा आधुनिक रथ, भक्तिमय माहौल में उमड़ेगी आस्था
झुमरीतिलैया - कोडरमा जिले के धार्मिक इतिहास में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। आगामी 19 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में झुमरीतिलैया शहर में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर रविवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन स्थित काली मंदिर परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित कर आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए इस्कॉन हजारीबाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. केशव आनंद दास ने बताया कि इस्कॉन द्वारा प्रत्येक वर्ष हजारीबाग, चौपारण सहित विभिन्न स्थानों पर रथ यात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष पहली बार कोडरमा की पावन धरती पर भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा आयोजित की जा रही है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाला रथ झारखंड के सबसे बड़े एवं आधुनिक तकनीक से लैस रथों में से एक होगा। रथ की ऊंचाई लगभग 40 फीट होगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर 16 फीट तक कम किया जा सकेगा। यह पूरी तरह रिमोट ऑपरेटेड होगा। इसकी चौड़ाई लगभग 12 फीट है तथा आकर्षक सजावट में जापानी सिल्क का उपयोग किया गया है। रथ के शीर्ष पर तीन फीट ऊंचा सुदर्शन चक्र स्थापित किया गया है, जबकि आगे चार घोड़ों की प्रतिकृति इसे और भव्य स्वरूप प्रदान करेगी। रथ के दोनों ओर 100 से 150 फीट लंबी रस्सियां लगाई जाएंगी, जिन्हें हजारों श्रद्धालु खींचते हुए भगवान की यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
आयोजकों के अनुसार रथ यात्रा सुभाष चौक से प्रारंभ होकर झंडा चौक, महाराणा प्रताप चौक, मौसीबाड़ी होते हुए संकट मोचन मंदिर तक पहुंचेगी। पूरे मार्ग में विभिन्न कीर्तन मंडलियां भजन-कीर्तन एवं हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगी, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
प्रेस वार्ता में इस्कॉन तिलैया के कोऑर्डिनेटर वीर भद्र दास, इस्कॉन जुहू (मुंबई) से आए आईआईटीयन श्री निकेतन, विश्व हिन्दू परिषद के प्रवीण चन्द्रा, इस्कॉन तिलैया के सदस्य कृष्णा प्रभु, मुकेश प्रभु, रवींद्र प्रभु, बिक्की प्रभु, अमन प्रभु, सागर, नीतीश बर्नवाल, शुभम प्रभु एवं उमेश प्रभु सहित इस्कॉन हजारीबाग के हितेश प्रभु और उज्ज्वल प्रभु उपस्थित थे। इसके अलावा जिले के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी प्रेस वार्ता में शामिल हुए।
आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।