नीट परीक्षा को लेकर होटलों में सघन जांच अभियान, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रशासन की कड़ी नजर
उपायुक्त हजारीबाग हेमन्त सती एवं पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्री रूपक कुमार सिंह, डीएसपी सीसीआर श्री अरमानुल हक, कोर्रा थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के जवानों द्वारा गत रात्रि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न होटलों में ठहरे हुए व्यक्तियों का सत्यापन एवं जांच की गई। जांच के दौरान होटल संचालकों एवं प्रबंधकों को आगंतुकों का समुचित अभिलेख संधारित करने, पहचान पत्रों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
जांच अभियान के दौरान मनोकामना होटल, स्वागत पैलेस, होटल मीत मिलन, होटल वनांचल सहित अन्य होटलों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने होटल संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग करने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नीट परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध कार्य अथवा परीक्षा से संबंधित अनियमितताओं पर प्रशासन की कड़ी नजर है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।