ग्वालियर में जर्जर दीवार ने ली बुजुर्ग महिला की जान, दो सोसायटियों के मेंटेनेंस मैनेजरों पर FIR...
ग्वालियर के सिरोल क्षेत्र स्थित विंडसर हिल्स सोसायटी में दीवार गिरने से 12 साल से माली का काम कर रहीं सावित्री वंशकार की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच के मुताबिक, 14 सितंबर को सनवैली सोसायटी में पेड़ की कटाई के दौरान एक बड़ी डाल विंडसर हिल्स की पुरानी और जर्जर दीवार पर जा गिरी, जिससे दीवार ढह गई और सावित्री मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि दीवार की मरम्मत के लिए पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन काम नहीं कराया गया। वहीं, पेड़ कटवाते समय पर्याप्त सावधानी नहीं बरतने की बात भी सामने आई है। इसी आधार पर विंडसर हिल्स के मेंटेनेंस मैनेजर भूपेंद्र गुर्जर और सनवैली के मेंटेनेंस इंचार्ज महेंद्र वाल्मीकि के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।