ग्वालियर में बुलडोजर एक्शन पर हंगामा, 45 मकान तोड़ने पहुंचा प्रशासन; कोर्ट के आदेश तक कार्रवाई रुकी...
वार्ड 38 के बेलदार का पुरा में सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंचा तो इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। करीब 45 मकानों को तोड़ने की तैयारी के बीच भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए रजिस्ट्री, नगर निगम टैक्स की रसीदें, नामांतरण और सरकारी बैंक से फाइनेंस संबंधी दस्तावेज अधिकारियों के सामने रखे। लोगों में भारी आक्रोश के बीच एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, फिलहाल कोर्ट के आगामी आदेश तक बुलडोजर कार्रवाई रोक दी गई है। अब आगे की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशासन की नजर अदालत के आदेश पर टिकी है।