भिवानी के जांबाजों ने महाराष्ट्र में गाड़ा सफलता का झंडा
नेशनल पेंचक सिलाट में बीसीएन स्पोर्ट्स अकादमी के रजत खटाना ने सिल्वर तो मनजीत जांगड़ा ने जीता ब्रांज : कोच दीपक कुमार
भिवानी, 04 जुलाई : खेल नगरी भिवानी के होनहार खिलाडिय़ों ने एक बार फिर राष्ट्रीय खेल पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। महाराष्ट्र के नासिक में 25 से 28 जून तक आयोजित हुई 14वीं नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2026 में स्थानीय कोंट रोड़, लक्ष्मी नगर, गली नंबर 13 स्थित बीसीएन स्पोर्ट्स एकेडमी के जांबाज खिलाडिय़ों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के चुनिंदा एथलीटों के बीच कड़े मुकाबले में एकेडमी के होनहार खिलाड़ी रजत खटाना ने रजत पदक तथा मनजीत जांगड़ा ने कांस्य पदक अपने नाम कर भिवानी की खेल परंपरा को एक नई ऊंचाई दी है।
खिलाडिय़ों की इस ऐतिहासिक और गौरवमयी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए बीसीएन स्पोर्ट्स एकेडमी के मुख्य कोच दीपक कुमार ने कहा कि दोनों खिलाडिय़ों, रजत गुज्जर और मनजीत जांगड़ा ने महाराष्ट्र की धरती पर जिस प्रकार का संयम, तकनीक और जुझारूपन दिखाया है, वह वाकई काबिले-तारीफ है। नेशनल चैंपियनशिप का मंच हमेशा से चुनौतीपूर्ण होता है, जहां देश के कोने-कोने से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी आते हैं। हमारे खिलाडिय़ों ने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और बेहतरीन खेल भावना का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि रजत ने बहुत ही मामूली अंतर से गोल्ड मेडल मिस किया, लेकिन उसका यह सिल्वर मेडल किसी गोल्ड से कम नहीं है। वहीं मनजीत ने भी कांस्य पदक के मुकाबले में अपनी शानदार तकनीक का प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में ये दोनों खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतेंगे, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी तिरंगा लहराएंगे। बीसीएन एकेडमी का लक्ष्य हर युवा को सही दिशा और बेहतरीन ट्रेनिंग प्रदान करना है ताकि वे देश का नाम रोशन कर सकें।
इस गौरवमयी उपलब्धि के बाद बीसीएन स्पोर्ट्स एकेडमी और पूरे लक्ष्मी नगर क्षेत्र में जश्न का माहौल है। वही दूसरी तरफ गांव सांगा निवासी पदक विजेता रजत खटाना को ग्रामीणाों द्वारा गांव सांगा में सम्मानित भी किया गया। स्थानीय खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने एकेडमी पहुंचकर कोच दीपक कुमार और विजेता खिलाडिय़ों का जोरदार स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि भिवानी जैसे शहर से पेंचक सिलाट जैसे कोर मार्शल आर्ट्स के खेल में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना यह साबित करता है कि यदि सही मार्गदर्शन और कोचिंग मिले, तो स्थानीय युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
खिलाडिय़ों की उपलब्धि पर उदय सिंह, जयवीर सरपंच, पवन सैनी, राजू पंघाल, मनोज यादव, एलआर शास्त्री, बिजेंद्र हरियाणा पुलिस, सुंदर हरियाणा पुलिस, अमित हरियाणा पुलिस, विजय गुज्जर, काला गुज्जर, कर्मवीर गुज्जर, नेता गुज्जर, सतपाल, दिनेश सैनी, कपिल सैनी, उतम खटाना, रीतिक खटाना, अनुप खटाना, अमरजीत खटाना, जय सिंह, सुभाष बलजीत, श्याम मित्र मंडल से राकेश कौशिक उमरावत, अशोक शर्मा, अनिल शर्मा कोंट, मनोज देवसर, अशोक आहुजा, रामेहर बडाला, पवन तंवर, बिजेंद्र सैन, हनुमान उमरावत, कृष्ण जांगड़ा सहित अनेक खेलप्रेमियों ने बधाई दी।