शहीद दिनेश की पत्नी को नौकरी और गांव में स्मारक बनाने की मांग
राज्य मंत्री राजेश नागर शोक सभा में पहुंचे, परिजनों को दिया मांगें पूरी करवाने का आश्वासन
छांयसा। हीरापुर गांव के शहीद जवान दिनेश वशिष्ठ को शनिवार को सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सोमवार को प्रदेश के राज्य मंत्री राजेश नागर गांव हीरापुर पहुंचे और शहीद दिनेश वशिष्ठ की शोक सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए उनका दुख साझा किया।
इस दौरान शहीद के परिजनों और ग्रामीणों की ओर से राज्य मंत्री के सामने दो प्रमुख मांगें रखी गईं। पहली मांग शहीद दिनेश वशिष्ठ की पत्नी को गांव के नजदीक सरकारी नौकरी दिलाने की थी, ताकि वह अपने बच्चे का पालन-पोषण करने के साथ परिवार की आजीविका भी चला सकें। दूसरी मांग गांव में शहीद दिनेश वशिष्ठ के नाम पर स्मारक बनाने की रखी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि शहीद का अंतिम संस्कार ग्राम पंचायत की सरकारी भूमि पर किया गया था। ऐसे में उसी स्थान पर उनके नाम से शहीद स्मारक बनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान को याद रख सकें।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने परिजनों और ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत की जाएगी और मांगों को पूरा करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।