कानपुर देहात। आरक्षण व्यवस्था और यूजीसी बिल के विरोध में सोमवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष विजय सिंह की अगुवाई में करीब 100 कार्यकर्ता दोपहर करीब डीएम कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया और इसके बाद मुख्य गेट पर ही धरने पर बैठ गए।
करणी सेना के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्होंने जिलाधिकारी से मिलने का समय पहले से लिया था। लेकिन तय समय पर जब वे डीएम कार्यालय पहुंचे तो जिलाधिकारी कपिल सिंह कार्यालय से जा चुके थे। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से एडीएम को ज्ञापन सौंपने के लिए कहा। इस पर कार्यकर्ता नाराज हो गए और उन्होंने मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया।