*शासकीय संभागीय आईटीआई में पांचवां कौशल दीक्षांत समारोह सम्पन्न*
---
*उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को किया सम्मानित, अभिभावकों की उपस्थिति में मिला सम्मान*
इंदौर, 22 नवंबर 2026
शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), इंदौर में पांचवां कौशल दीक्षांत समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न ट्रेडों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिभावक भी उपस्थित रहे। अपने बच्चों को मंच पर सम्मानित होते देख अभिभावकों ने गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की।
समारोह में सांसद प्रतिनिधि श्री महेन्द्र शर्मा, आईएमसी के चेयरमैन श्री शिवनारायण शर्मा तथा उद्योग प्रतिनिधि श्री गणेश कोतवाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान की प्राचार्या श्रीमती रीना सोलंकी, प्राचार्य वर्ग-2 श्री गौरव प्रकाश आर्य एवं श्री महेश जारवाल सहित संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। इसके माध्यम से देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान राष्ट्रीय समारोह से जुड़े। इंदौर में उपस्थित अतिथियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं अभिभावकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना तथा युवाओं के कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों को लेकर उनके विचारों से परिचित हुए।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री संध्या बागिला एवं सुश्री माधवी शर्मा ने किया। समारोह के अंत में श्री शरद शर्मा ने अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP
#indore
#इंदौर
Indore, Madhya Pradesh | Nov 22, 2026