#गाजीपुर जिले के में करीब 20 दिनों के अंतराल के बाद गंगा के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी शुरू होने से तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार को गंगा के जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि दर्ज की गई।
वर्तमान जलस्तर 61.310 मीटर पहुंच गया है, जो चेतावनी बिंदु से करीब 80 सेंटीमीटर नीचे है। सोमवार
को जलस्तर में सात सेंटीमीटर प्रति घंटे तक की बढ़ोतरी दर्ज होने से ग्रामीणों में बेचैनी बढ़ गई थी। हालांकि मंगलवार को बढ़ोतरी की रफ्तार कम होने से लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।
पिछले दिनों आई बाढ़ के बाद जलस्तर में लगातार कमी आने पर प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित बाढ़ चौकियों, राहत शरणालयों और राहत वितरण केंद्रों को निष्क्रिय कर दिया था। अब दोबारा पानी बढ़ने से प्रशासन के साथ ही तटवर्ती ग्रामीण भी सतर्क हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी वे पिछली बाढ़ से हुए नुकसान से पूरी तरह उबर भी नहीं पाए हैं, और प्रशासन की ओर से नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। ऐसे में फिर से जलस्तर बढ़ने से किसानों और पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।
#GhazipurNews