रेनू भाटिया ने 26 बुजुर्गों के साथ देखी ‘हनुमान अंश’ फिल्म, बुजुर्गों के चेहरों पर छाई खुशी
फरीदाबाद A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ मॉल ऑफ फरीदाबाद में आज पूर्व महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने वृद्धाश्रम के 26 बुजुर्गों के साथ नीम करौली बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला और उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
रेनू भाटिया ने बुजुर्गों के साथ फिल्म देखकर उनके साथ समय बिताया और उन्हें मनोरंजन के साथ-साथ अपनापन भी दिया। फिल्म देखने के दौरान बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ फिल्म का आनंद लिया। फिल्म समाप्त होने के बाद बुजुर्गों की खुशी का ठिकाना नहीं था।
इस अवसर पर रेनू भाटिया ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके साथ समय बिताना और उन्हें सम्मान एवं खुशी के पल देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को परिवार जैसा माहौल और अपनापन मिलना बेहद जरूरी है।
वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने रेनू भाटिया का आभार जताते हुए कहा कि उनके साथ फिल्म देखने का अनुभव उनके लिए यादगार रहा। उन्होंने कहा कि आज उन्हें लंबे समय बाद परिवार के साथ बाहर घूमने और मनोरंजन करने जैसा एहसास हुआ।
इस पहल के माध्यम से समाज को यह संदेश भी मिला कि बुजुर्गों की जरूरत केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान, अपनापन और खुशियों के अवसर देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।