दुर्गा पूजा को लेकर शहर में निकला फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जहानाबाद : दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में जहानाबाद शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। इस दौरान पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन और जहानाबाद पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल सतर्क है।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 17, 2026