“नौकरी से सरकार निकाल दे, मंजूर है… लेकिन स्कूल की बदहाली मंजूर नहीं!” सरकारी शिक्षक ने उठाई आवाज.
उजियारपुर। प्रखंड क्षेत्र के रामचंद्रपुर अंधैल चंदौली, वार्ड संख्या-12 स्थित सहनी टोला के सरकारी विद्यालय की बदहाल व्यवस्था को लेकर अब एक सरकारी शिक्षक ने ही सवाल उठाते हुए आवाज बुलंद की है। शिक्षक मुरारी कुमार उर्फ सुधीर कुमार ने विद्यालय में बच्चों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शिक्षक का कहना है कि “सरकार नौकरी से निकाल दे, यह मंजूर है, लेकिन विद्यालय की बदहाली मंजूर नहीं है।” उनका आरोप है कि विद्यालय में बच्चों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। शौचालय की सुविधा को लेकर भी परेशानी बताई गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा कुछ शिक्षकों के समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने, विद्यालय अवधि में मोबाइल फोन के इस्तेमाल तथा विभागीय निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी कुछ व्यवस्थागत कमियों की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मोबाइल फोन विद्यालय में जमा कराने को लेकर आदेश पंजी में निर्देश दर्ज किए गए हैं और शिक्षकों के हस्ताक्षर भी कराए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद आदेश का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है।
इस पूरे मामले ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, अनुशासन और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि विद्यालय में पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा विभागीय निर्देशों का पालन कराने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
शिक्षक मुरारी कुमार उर्फ सुधीर कुमार द्वारा उठाई गई आवाज के बाद अब लोगों की नजर शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर है। क्या विभाग विद्यालय की वास्तविक स्थिति की जांच करेगा? क्या बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और विभागीय निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा? यह देखने वाली बात होगी।
#सरकारीस्कूल #स्कूलकीबदहाली #उजियारपुर #समस्तीपुर #रामचंद्रपुरअंधैल #चंदौली #सहनीटोला #शिक्षककीआवाज #मुरारीकुमार #सुधीरकुमार #शिक्षाविभाग #स्कूलव्यवस्था #शिक्षकोंकीउपस्थिति #बच्चोंकीसुविधा #पीनेकापानी #शौचालय #सरकारीविद्यालय #BiharNews #SamastipurNews #UjiarpurNews #StreamBihar