रांची में छात्र आंदोलन का अनशन समाप्त, सरकार ने दिया भरोसा
सदर अस्पताल में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत आंदोलनरत छात्रों को जूस पिलाकर तुड़वाया गया अनशन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सरकार की पहल, मंत्री दीपिका पांडे सिंह और मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने छात्रों से की मुलाकात, अनशन कराया समाप्त और भरोसा दिलाया—'छात्रों के साथ अन्याय नहीं, न्याय होगा।'
रांची: राजधानी रांची के सदर अस्पताल में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत अनशन पर बैठे आंदोलनरत छात्रों का अनशन जूस पिलाकर समाप्त कराया गया। सरकार की पहल के बाद हुए इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी छात्रों से मिलने सदर अस्पताल पहुंचे।
दोनों मंत्रियों ने आंदोलनरत छात्रों से विस्तार से बातचीत की, उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार उनकी जायज़ मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी। इस दौरान मंत्री दीपिका पांडे सिंह और डॉ. इरफान अंसारी ने जूस पिलाकर छात्रों का अनशन समाप्त कराया तथा उन्हें गले लगाकर यह संदेश दिया कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सरकार ने दोहराया कि छात्र राज्य का भविष्य हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। संवाद, पारदर्शिता और सकारात्मक पहल के माध्यम से छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सरकार की ओर से यह भी कहा गया कि—
"हमारी सरकार छात्रों के साथ है। उनकी जायज़ मांगों को सुनना, समझना और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी छात्र के भविष्य के साथ अन्याय नहीं होगा, न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।"
सरकार ने सभी छात्रों से शांति, संयम और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज़ को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।