15 हजार लेमनग्रास पौधों से विकसित होगी हर्बल औषधीय वैली
जनजातीय क्षेत्र में अस्थायी विद्यालय शुरू, कृषि यंत्र के लिए 30 लोगों ने दिया आवेदन
लखीसराय। चानन प्रखंड के जनजातीय क्षेत्र के विकास को लेकर जिला प्रशासन की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को संग्रामपुर एवं भलुई पंचायत के दूरस्थ क्षेत्र कछवा, महाजनमा व सतघरवा गांव के बीच महाजनमा स्थित बरगद के पेड़ के नीचे कोड़ा जनजाति के लोगों के साथ चौथी बैठक आयोजित की गई। इस दौरान क्षेत्र को जैविक एवं आयुर्वेदिक पौधों के विकास के साथ आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में 15 हजार लेमनग्रास के पौधों का वितरण किया गया।
जिला प्रशासन की पहल पर इस्लामपुर स्थित औषधीय अनुसंधान केंद्र की अनुशंसा के अनुसार बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के तत्वावधान एवं उद्यान निदेशालय के माध्यम से पौधों का वितरण किया गया। करीब पांच एकड़ भूमि में लेमनग्रास की खेती कर पूरे क्षेत्र को ‘वैली ऑफ हर्बल मेडिसिन’ के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने जनजातीय क्षेत्र के लोगों को लेमनग्रास की खेती की उपयोगिता, इससे होने वाली आय तथा भविष्य में इसके तेल के उत्पादन की संभावनाओं की जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी के पूर्व के दौरों के दौरान क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। पहली बैठक में लोगों को जैविक खेती की शपथ दिलाई गई। दूसरी बार गांव को पेयजल सुविधा से जोड़ने के साथ बीएसएनएल टावर के लिए भूमि चिन्हित की गई। तीसरी बार हर्बल मेडिसिनल गार्डन नर्सरी की स्थापना की गई। अब चौथी बैठक में पूरे क्षेत्र को हर्बल औषधीय वैली के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
बच्चों की पढ़ाई के लिए शुरू हुआ अस्थायी विद्यालय
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय क्षेत्र के बच्चों की पढ़ाई शुरू कराने के लिए दो शिक्षकों के साथ अस्थायी विद्यालय की व्यवस्था भी की गई। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों और उनके अभिभावकों से प्रतिदिन बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की। इसके अलावा लोगों से टीबी मुक्त भारत, एनीमिया मुक्त भारत और ‘चिकित्सा आपके द्वार’ जैसे अभियानों से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की गई।
वहीं, करीब 30 जनजातीय लोगों से कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए आवेदन भी लिया गया।
डिस्टिलेशन प्लांट लगाने की पहल
जिला पदाधिकारी ने भविष्य में लेमनग्रास से तेल निकालने के लिए डिस्टिलेशन प्लांट स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन को दिया। उन्होंने क्षेत्र में अब तक की गई पहल के लिए जिला उद्यान पदाधिकारी की सराहना करते हुए आगे भी कार्य जारी रखने को कहा। जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार को जैविक खेती के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए धन्यवाद देते हुए आगे भी प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम को अस्थायी विद्यालय शुरू कराने के लिए धन्यवाद दिया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, चानन बीडीओ, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 11, 2026