चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप कार्यालय में 27वें समर कैंप का आगाज, राज्य मंत्री राजेश नागर ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
बिना आग के बने लजीज व्यंजन देख मंत्रमुग्ध हुए मंत्री राजेश नागर, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति का दिया संदेश
नशामुक्त और सशक्त युवा ही विकसित भारत का स्वप्र कर सकते है पूरा : मंत्री राजेश नागर
भिवानी, 27 जून : द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के जिला मुख्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र में उस समय भारी उत्साह देखने को मिला, जब हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। अवसर था विश्व नशा मुक्ति दिवस का, जहां मंत्री राजेश नागर ने युवाओं और उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति की गौरवमयी शपथ दिलाई। इस दौरान राष्ट्रगान की गूंज और देशभक्ति के जज्बे के साथ प्रशिक्षण केंद्र में 27वें समर वेकेशन कैंप का भव्य शुभारंभ हुआ।
इस मौके पर मुख्य अतिथि मंत्री राजेश नागर के आगमन पर सीनियर रोवर लीडर नितेश कुमार के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह और गु्रप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ ने की, जबकि पूरे मंच का संचालन देशराज वशिष्ठ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की प्रतिभा और संस्था के बुनियादी ढांचे की अनूठी झलक देखने को मिली। जिसमें गाइड रेंजर कैप्टन पुष्पा देवी ने मुख्य अतिथि को विदाउट फायर कुकिंग प्रतियोगिता की स्टॉलों का निरीक्षण करवाया। मंत्री ने बिना आग के तैयार किए गए लजीज व्यंजनों का बारीकी से अवलोकन किया और चमन, अंकुश, दीपक, आदित्य, अनिरुद्ध, मयंक, रेंजर योगिता व काजल सहित सभी प्रतिभागियों की रचनात्मकता की जमकर सराहना की। सह गु्रप लीडर अमित कुमार ने मुख्य अतिथि को डिजिटल क्रांति से जुड़ते हुए आधुनिक ई-पुस्तकालय का दौरा कराया। इस लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए 10 कंप्यूटर, 10 अध्ययन टेबल, आरामदायक कुर्सियां और बेहतरीन माहौल उपलब्ध है। यहां यूपीएससी, एसएससी जीडी, एनसीईआरटी और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की उत्कृष्ट किताबें मौजूद हैं। यहां पढऩे वाले विद्यार्थियों ने हाल ही में 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 80 से 90 प्रतिशत तक अंक हासिल कर उत्कृष्ट परिणाम दिए हैं।
प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा सह ग्रुप लीडर सुनील वर्मा ने करवाया। कार्यक्रम में अनुशासन का स्तर इतना ऊंचा था कि रोवर मयूर ने बैंड सलामी और परेड मास्टर हिमांशु भाटी ने गन सलामी प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इस पूरे भव्य आयोजन को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कोऑर्डिनेटर पुनीत शाह द्वारा मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाया गया। इस दौरान पर्यावरण को सहेजने के संकल्प के साथ मुख्य अतिथि राजेश नागर ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत परिसर में पौधारोपण किया। गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह ने मुख्य अतिथि के समक्ष पिछले चार वर्षों से लगातार चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की विस्तृत और सकारात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि संस्था केवल नशामुक्त समाज ही नहीं, बल्कि नशा मुक्त हरियाणा, स्वच्छ हरियाणा, सशक्त युवा–विकसित युवा, विकसित भारत एवं विकसित स्काउट के विजन पर काम कर रही है। पिछले दो वर्षों की इस विशेष मुहिम में 68 युवाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाकर समाज को बदलने का बीड़ा उठाया है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री राजेश नागर ने राज्य पुरस्कार प्राप्त करने वाले होनहार प्रशिक्षकों, सीनियर रोवर लीडर नितेश कुमार और परेड मास्टर हिमांशु भाटी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शुभकामनाएं और हार्दिक बधाई दी। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि नशा किसी भी समाज को खोखला कर देता है। हमारे स्काउट्स और गाइड्स जिस तरह समाज को नशामुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए जमीन पर काम कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है। जब हमारा युवा नशामुक्त और सशक्त होगा, तभी 'विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना सच होगा। डिजिटल ई-पुस्तकालय जैसी सुविधाएं हमारे युवाओं के भविष्य को चमकाने का काम कर रही हैं। कार्यक्रम के समापन पर कैंप में मौजूद सभी 68 स्काउट्स, रोवर्स और रेंजर्स ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से आभार व्यक्त किया।