एफडीडीआई छिंदवाड़ा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 9वाँ इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पोर्टेंस (आई एन आई) - डे
==========================================================
फुटवियर डिज़ाइन एवं विकास संस्थान (एफडीडीआई) छिंदवाड़ा परिसर में आज 9वाँ इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पोर्टेंस-डे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महर्षि विद्या मंदिर स्कूल छिंदवाड़ा की प्राचार्य सुश्री श्रद्धा श्याममोहन त्रिपाठी थीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. विनीत वर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि 5 अगस्त 2017 को लोकसभा एवं राज्यसभा द्वारा विधेयक पारित होने के उपरांत भारत सरकार ने एफडीडीआई को "राष्ट्रीय महत्व का संस्थान (Institute of National Importance - INI)" का दर्जा प्रदान किया था। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 5 अगस्त को एफडीडीआई के देशभर के सभी 12 परिसरों में आईएनआई-डे उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
छिंदवाड़ा परिसर के कार्यकारी निदेशक श्री राकेश शर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को कौशल-आधारित शिक्षा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में कौशल एवं हुनर ही रोजगार और सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी गलतियों से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ने तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य सुश्री त्रिपाठी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ उत्तम चरित्र निर्माण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर बल देते हुए जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनकी सभी उपस्थितजनों ने सराहना की। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। श्री जयपाल जैसवाल को "एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर" सम्मान से नवाज़ा गया। वहीं श्री प्रवीण कड़वे, श्री पवन बविस्टाले, श्रीमती पूजा राजपूत, श्री विलास गुदाधे, श्रीमती अर्चना शर्मा तथा श्री जयपाल जैसवाल को "एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ" सम्मान प्रदान करते हुए स्मृति-चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर केंद्र प्रभारी श्री अरित्रा दास ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।