7 दिवसीय 'आपदा मित्र' प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
125 सिविल वालेंटियर्स उत्साहपूर्वक कर रहे सहभागिता
===========================================================
मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला छिंदवाड़ा के स्टेडियम ग्राउंड में 7 दिवसीय 'आपदा मित्र' प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पंजीकृत प्रशिक्षुओं को पुस्तिका, डायरी, पेन एवं टी-शर्ट का वितरण किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 125 सिविल वालेंटियर्स उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कमांडेंट श्रीमती स्नेहलता पाठ्या द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन कंपनी कमांडर श्री गणेश कुमार धुर्वे, एएसआई श्री बुद्धमान शाह धुर्वे, हवलदार अनुदेशक श्री रामप्रसाद सिंगोतिया, एसडीईआरएफ टीम तथा सिविल डिफेंस के डिप्टी वार्डन एवं रिसोर्स पर्सन श्री श्यामलराव द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रतिभागियों को आपदा एवं आपदा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005, जल आपदा एवं बाढ़ के कारण और प्रबंधन, आपदा मित्र के कर्तव्य, आपदा मित्र योजना का परिचय, सिविल डिफेंस तथा उसकी 12 सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में वालेंटियर्स की भूमिका, नागरिक सुरक्षा के दायित्व तथा राहत एवं बचाव कार्यों के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
जिला कमांडेंट श्रीमती स्नेहलता पाठ्या ने प्रशिक्षणार्थियों से अनुशासन, सेवा भावना एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि सिविल डिफेंस वालेंटियर्स आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन के सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रशिक्षण उन्हें व्यवहारिक एवं तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए और अधिक सक्षम बनाएगा।
सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा नागरिक सुरक्षा से संबंधित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।