एडीएम विकास शर्मा ने मणिमहेश यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हड़सर से मणिमहेश तक पैदल मार्ग सुचारू, क्षतिग्रस्त स्थानों की युद्धस्तर पर मरम्मत के निर्देश
भरमौर, 4 सितंबर। श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा ने वीरवार को मणिमहेश से हड़सर तक पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर मार्ग की स्थिति तथा यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम विकास शर्मा ने मणिमहेश से हड़सर तक विभिन्न स्थानों पर पैदल मार्ग की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ से मार्ग की वर्तमान स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
एडीएम विकास शर्मा ने बताया कि हड़सर से श्री मणिमहेश तक पैदल यात्रा मार्ग वर्तमान में यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए ठीक है तथा यात्रा सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पैदल मार्ग पर कुछ स्थानों पर रास्ता थोड़ा क्षतिग्रस्त हुआ है। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर मरम्मत एवं सुधार कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। एडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाए, ताकि मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।