Public App Logo
सोलन में ‘अटल पार्क’ की मांग को लेकर राजेश कश्यप ने उठाई आवाज सोलन, 16 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर भाजपा सोलन शहरी मंडल की बैठक में भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप ने महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखते हुए सोलन के ऐतिहासिक गंज बाजार स्थित पार्क में अटल जी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और पार्क का नाम ‘अटल पार्क’ रखने की मांग उठाई। डॉ. राजेश कश्यप ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि देश के महान राष्ट्रनेता, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राजनीतिज्ञ थे। उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहे, इसके लिए सोलन में उनकी प्रतिमा स्थापित करना उचित होगा। उन्होंने कहा कि गंज बाजार स्थित पार्क शहर के प्रमुख स्थानों में शामिल है। यहां अटल जी की आदमकद प्रतिमा स्थापित होने और पार्क का नाम ‘अटल पार्क’ रखे जाने से यह स्थान उनकी स्मृति और विचारों का प्रतीक बन सकता है। राजेश कश्यप के इस प्रस्ताव को भाजपा सोलन शहरी मंडल ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। मंडल अध्यक्ष शिलेंद्र गुप्ता ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया। मंडल ने प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति और क्रियान्वयन के लिए संबंधित प्रशासनिक एवं नगर निगम अधिकारियों के समक्ष रखने का निर्णय लिया है। डॉ. राजेश कश्यप ने कहा कि अटल जी के आदर्शों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखकर उन्हें सार्वजनिक जीवन और नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी आवश्यक है। उनके अनुसार, ‘अटल पार्क’ सोलन शहर के लिए एक प्रेरणादायक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। - Himachal Pradesh News