तिलहर में तीन भैंस चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल और नकदी बरामद
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के राईखेड़ा गांव से तीन भैंस चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अतुल उर्फ आनंद (22) और अमित गुप्ता (23), निवासी सफ्त्यारा थाना कांट, को 19 सितंबर की रात बंथरा रेलवे ब्रिज के पास से पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक, एंड्रॉयड मोबाइल और 8 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर को सुमन पत्नी स्व. वीरपाल ने तीन भैंस चोरी होने की तहरीर दी थी। पूछताछ में आरोपियों ने 27 अगस्त को भैंस चोरी की बात बताई। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar