विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित
जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने किया स्वैच्छिक रक्तदान का आह्वान, कहा रक्तदान मानवता की सेवा का है महत्वपूर्ण माध्यम
धौलपुर, 18 सितम्बर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविरों में आमजन, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला अस्पताल में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के अनमोल जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से रक्तदान को जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि रक्तदान समाज में सहयोग, संवेदना एवं जनसेवा की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को आकस्मिक परिस्थितियों में पड़ सकती है, इसलिए स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन रक्तदान की शपथ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सिकरवार ने कहा कि रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से रक्तदान करने तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।