जशपुर प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जिला मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया। पुलिस लाइन हेलीपैड पर आमजन, जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने आत्मीय अभिनंदन किया, वहीं जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर आगमन को उत्सव में बदल दिया। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भी मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।