डीएवी पब्लिक स्कूल सलासी में संपन्न हुआ जिला स्तरीय शतरंज टूर्नामेंट, विजेताओं को किया सम्मानित
हमीरपुर। जिला हमीरपुर शतरंज संघ (हमीर चेस एसोसिएशन) द्वारा डीएवी पब्लिक स्कूल सलासी, हमीरपुर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
समापन समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता वीना चंदेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों से नशे और मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी हैं।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में लड़कों के अंडर-13 वर्ग में अयान जम्वाल, अंडर-15 में अंशुमन, अंडर-17 में अतिक्ष ठाकुर तथा अंडर-19 में अभय मेहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लड़कियों के वर्ग में अंडर-13 में अर्निका ठाकुर, अंडर-15 में सनिगधा शर्मा तथा अंडर-19 में पलक ठाकुर विजेता रहीं। सीनियर ओपन वर्ग का खिताब अंशुल ठाकुर ने अपने नाम किया।
समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी मेडल देकर उनकी सहभागिता की सराहना की गई।
इस अवसर पर हमीर चेस एसोसिएशन ने हिमाचल प्रदेश के सर्वोच्च रेटिंग प्राप्त शतरंज खिलाड़ी अतिक्ष ठाकुर को उनकी उपलब्धियों के लिए स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया।
समापन समारोह में हमीर चेस एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी, सदस्य, खिलाड़ी, अभिभावक तथा खेल प्रेमी उपस्थित रहे।