एसआईटी गठन की मांग को लेकर गरीब शक्ति दल का जयपुर में दूसरा पड़ाव आज
बरेली। भारत में एसआईटी (ज्यूडिशियल इन्वेस्टिगेशन टीम) के गठन की मांग को लेकर गरीब शक्ति दल ने आंदोलन की शुरुआत कर दी है। संगठन की ओर से देश के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत दूसरा पड़ाव जयपुर में रखा गया है। रविवार चार अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे जयपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को मांगपत्र सौंपा जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के तहत करीब 10 से 12 लोगों का प्रतिनिधिमंडल सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेगा। इसके बाद संगठन की मांगों से संबंधित ज्ञापन जयपुर सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा जाएगा। ज्ञापन गरीब शक्ति दल के नेतृत्वकर्ता मनोज विकट के नेतृत्व में दिया जाएगा।
गरीब शक्ति दल का कहना है कि देश में विभिन्न मामलों की निष्पक्ष और प्रभावी जांच के लिए ज्यूडिशियल इन्वेस्टिगेशन टीम की व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। इसी मांग को लेकर संगठन ने विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।
कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री गिरीश चंद्र सक्सेना, विकास माथुर एडवोकेट, गगनभान जैन, नूरबी, चमेली देवी, मोहम्मद रफी, श्रमपाल और राबिया समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। संगठन ने कार्यक्रम को सांकेतिक बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया है।