महापौर आरती भंडारी के नेतृत्व में 10 पार्षद भाजपा में शामिल
कांग्रेस के दो पार्षदों ने भी थामा भाजपा का दामन, श्रीनगर की सियासत में बड़ा बदलाव
श्रीनगर। श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के नेतृत्व में नगर निगम के 10 पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली सोनू, मीना भारती, भावना चौहान, अंजनी भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चौहान, राजकुमार, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली शामिल हैं। इनमें अनुराग चौहान और राजकुमार कांग्रेस के पार्षद रहे हैं। दोनों के भाजपा में शामिल होने को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
महापौर आरती भंडारी इससे पूर्व जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख खिर्सू की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं। दोनों लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों और जनसरोकारों से जुड़े रहे हैं।
विकास और जनसेवा को मिलेगी नई मजबूती : आरती भंडारी
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि भाजपा में शामिल होना उनके लिए विचारधारा और विकास के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सहयोग से श्रीनगर नगर निगम के विकास कार्यों को लगातार गति मिली है।
उन्होंने कहा, “भाजपा की विचारधारा मेरे लिए नई नहीं है। मैं पहले भी भाजपा परिवार का हिस्सा रही हूं। आज अपने साथियों के साथ पार्टी में शामिल होकर मुझे बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। हमारा उद्देश्य श्रीनगर के विकास और जनता की सेवा करना है। आने वाले समय में सरकार और संगठन के सहयोग से श्रीनगर को और बेहतर एवं विकसित नगर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।”
संगठन के साथ मिलकर जनता की सेवा करेंगे : लखपत सिंह भंडारी
वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का उद्देश्य क्षेत्र के विकास और जनसेवा को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा, “भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकास की सोच और जनसेवा के संकल्प से हम लंबे समय से जुड़े रहे हैं। आज पार्षद साथियों के साथ भाजपा में शामिल होकर हम और अधिक मजबूती से जनता के बीच काम करेंगे।