प्रेस विज्ञप्ति
जिला निर्वाचन कार्यालय, जमुई
13 अक्टूबर 2026
शीर्षक- कोसी स्नातक निर्वाचन को लेकर पीठासीन पदाधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न।
जमुई : विधान परिषद् (कोशी स्नातक) निर्वाचन, 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी जमुई के निदेश के आलोक में उप निर्वाचन पदाधिकारी जमुई की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान दलों , माइक्रो प्रेक्षकों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
प्रशिक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी जमुई एवं मास्टर ट्रेनर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा मतदान दल एवं माइक्रो प्रेक्षक को निर्वाचन कार्य एवं उनके निर्धारित दायित्वों के निर्वहन क़े बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
प्रशिक्षण के क्रम में, मतदान दल को मतपेटी को खोलने, पेपर सील लगाने एवं सील बंद करने एवं मतदान के उपयोग में आने वाले प्रपत्रों को भरने तथा स्टेच्यूटरी/ नन स्टेच्यूटरी/ अन्य पैकेट तैयार करने का व्यवहारिक अभ्यास ( हैंड्स ऑन ट्रेनिंग) के द्वारा अच्छी तरह सिखाया गया।
पीठासीन पदाधिकारी मतदान के दिन मतपेटी में पेपर सील लगाने के पहले पेपर सील के नीचे वाले भाग यानी सफेद भाग पर पीठासीन, पदाधिकारी एवं उपस्थित मतदान अभिकर्ता का हस्ताक्षर प्राप्त करेंगे तथा प्रभेदक चिन्ह लगाएंगे आदि बताया गया।
उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय, तत्परता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करें।
प्रशिक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे।
25 views | Jamui, Bihar | Oct 13, 2026