केबल चोर गिरोह के 2 सदस्य ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, पुलिस ने लिया हिरासत में
जालौन के डकोर कोतवाली क्षेत्र से बड़ी खबर है। बंधौली गांव में ट्यूबवेल की केबल काट रहे दो कथित चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। किसान लंबे समय से केबल चोरी से परेशान थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला डकोर कोतवाली क्षेत्र के बंधौली गांव का है। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार को दो युवक रिक्शा लेकर गांव पहुंचे और देवेंद्र के ट्यूबवेल की केबल काटने लगे। एक ग्रामीण ने उन्हें देख लिया और तुरंत ट्यूबवेल मालिक को सूचना दी। देखते ही देखते किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को दबोच लिया । ग्रामीणों का दावा है कि पकड़े गए युवकों ने अपना नाम शिवम और आनंद बताया। दोनों ने खुद को उरई के एस.आर. इंटर कॉलेज के पास का रहने वाला बताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों काफी समय से इलाके में केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गांव में लगातार हो रही चोरियों से किसान बेहद परेशान थे। सूचना पर डकोर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इनका पुरानी चोरियों से क्या कनेक्शन है और गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।
पुलिस का कहना है कि अगर कोई प्रार्थना पत्र देगा तो जांच के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Jalaun, Jalaun | Jun 27, 2026