शांति और सद्भाव की परंपरा को मजबूत बनाएं, मिल-जुलकर मनाएं त्यौहार - कलेक्टर
दुर्गोत्सव एवं आगामी त्यौहारों को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
जिला योजना भवन में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में आगामी दुर्गोत्सव, दशहरा और शरद पूर्णिमा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा अष्टमी 18 अक्टूबर को, दशहरा 20 अक्टूबर को एवं शरद पूर्णिमा 26 अक्टूबर को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थापन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि नवरात्रि का पावन उत्सव में आयोजन समितियों का सहयोग आवश्यक है। हमारा आग्रह है कि आयोजन समितियां पंडालों में केवल मिट्टी से निर्मित दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना करें जिनमें हर्बल और जैविक रंगों का उपयोग हो। प्लास्टर ऑफ पेरिस तथा रासायनिक रंगों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिमा स्थापना हेतु अनुविभागीय दंडाधिकारी मण्डला से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। गणेश उत्सव में नैनपुर में हुई अप्रिय घटना की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी समितियों की जिम्मेदारी है कि वह अस्थायी कनेक्शन लेकर पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीसी कनेक्शन लगाते समय ही सुरक्षा सुनिश्चित कराएं। पंडालों एवं लोहे के खंभों पर बिजली के तारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पंडालों में रात्रि के समय समिति के सदस्यों एवं वालंटियर्स की मौजूदगी अनिवार्य होगी, जिसकी सूची प्रशासन को सौंपनी होगी।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मुख्य मार्गों एवं चौराहों पर आवागमन बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। विसर्जन जुलूस के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा और निर्धारित रूट तथा समय सीमा का कड़ाई से पालन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भंडारा स्थलों एवं पंडालों में डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। प्रसाद वितरण में सिंगल यूज प्लास्टिक, डिस्पोजल व दोना-पत्तल का उपयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि हमें मां की आराधना के इस पर्व को उत्साह से मनाना है उन्माद से नहीं। उन्माद नुकसानदायक होता है। उन्होंने कहा कि कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का कड़ाई से पालन किया जाएगा। प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान निरंतर पुलिस गश्त, चिकित्सा दल की उपलब्धता तथा कंट्रोल रूम में फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने सभी नागरिकों और आयोजन समितियों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, एसडीएम मण्डला श्री शैलेन्द्र चौधरी, एसडीओपी मण्डला श्री पीयूष मिश्रा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
24 views | Mandla, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026