#बालाघाट
आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया शंकर घाट, रोशनी से नहा उठा बालाघाट
वैनगंगा तट पर सजे 7 हजार दीपों ने बिखेरी अनुपम आभा, सेवा संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ
सांझ ढलते ही वैनगंगा नदी का तट हजारों दीपों की रोशनी से नहा उठा। शंकर घाट पर एक साथ प्रज्वलित किए गए 7 हजार दीपों ने ऐसा दृश्य रचा कि पूरा घाट और आसपास का शहर दीपों की आभा से जगमगा उठा। अवसर था प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का। इसी के साथ बालाघाट में एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ।
मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर शंकर घाट पर दीप प्रज्वलन किया गया। जैसे-जैसे दीपों की कतारें रोशन होती गईं, वैनगंगा का तट अद्भुत रोशनी से भरता गया। घाट पर सजे हजारों दीपों की झिलमिलाती रोशनी ने कार्यक्रम को आकर्षक और उत्सवी स्वरूप प्रदान किया। दीपों की रोशनी से शंकर घाट के साथ बालाघाट शहर भी जगमगाता नजर आया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्रीमती भारती पारधी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर, नगर पालिका के पार्षदगण, राज्य शासन द्वारा बालाघाट जिले के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री रविन्द्र चौधरी, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सूर्य प्रकाश उके सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक भी शंकर घाट पहुंचे और दीप प्रज्वलन के साक्षी बने।
दीपों के साथ गूंजा सेवा और संकल्प का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम केवल दीप प्रज्वलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक बना। हजारों दीपों की रोशनी के बीच उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में सहभागिता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान शंकर घाट पर उत्सव जैसा माहौल रहा। वैनगंगा के तट पर सजे दीपों ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। एक साथ जलते 7 हजार दीपों की रोशनी ने शंकर घाट को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया और सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ को यादगार बना दिया।
#PMOIndia
#सेवा_संकल्प_अभियान
#AshirwadKaDiya
#SevaSankalpAbhiyan
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP