#बालाघाट
कोरका से बालाघाट के लिए शुरू हुई नई बस सेवा
बैगा बहुल दूरस्थ गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन की बेहतर सुविधा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को मध्य प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम ने बिरसा विकासखंड के ग्राम कोरका से बालाघाट के लिए नई बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम, क्षेत्र की पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
नई बस सेवा शुरू होने से बैगा जनजाति बहुल दूरस्थ ग्रामों के ग्रामीणों को बालाघाट जिला मुख्यालय तक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। लंबे समय से इन क्षेत्रों के ग्रामीणों को आवागमन के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बस सेवा प्रारंभ होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, शासकीय कार्य एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बालाघाट आने-जाने में सुविधा होगी।
इन गांवों से होकर गुजरेगी बस
नई बस सेवा ग्राम कोरका से प्रारंभ होकर बोंदारी, कुंडेकसा, अडोरी, घुम्मुर, लंहगाकन्हार, पाथरी, बिठली, चालिसबोड़ी और सोनेवानी होते हुए बालाघाट पहुंचेगी। इसी मार्ग से बस बालाघाट से कोरका वापस जाएगी। इससे मार्ग में आने वाले अनेक बैगा बहुल गांव सीधे बस सेवा से जुड़ जाएंगे।
दूरस्थ क्षेत्र में विकास की नई राह
नई बस सेवा को बैगा बहुल दूरस्थ क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है। नियमित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने से ग्रामीणों की जिला मुख्यालय तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही इन गांवों में पदस्थ शासकीय सेवकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने बस सेवा प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित बस सुविधा से क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने में होने वाली परेशानी काफी हद तक कम होगी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुरू हुई यह सुविधा दूरस्थ गांवों को मुख्यालय से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
#PMOIndia
#AshirwadKaDiya
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#CMMadhyaPradesh
#WelfareTribal
#healthminmp