🚨देहरादून में स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, पहले ही दिन 107 वाहनों की जांच, 35 के चालान
कई स्कूल बसों और वैन में मिलीं सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां, बिना हेलमेट और लाइसेंस के स्कूटी चलाते मिले स्कूली बच्चे
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग ने सोमवार से विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया। अभियान के पहले ही दिन सर्वे चौक पर 107 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 35 वाहनों के चालान किए गए।
उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा जिला जज एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष हरीश कुमार गोयल के निर्देश पर यह विशेष अभियान 16 से 22 नवंबर तक जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाया जाएगा। पहले दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने परिवहन विभाग की टीम के साथ स्कूली बसों, वैन और अन्य वाहनों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई वाहनों में प्राथमिक उपचार किट नहीं मिली, जबकि कुछ में एक्सपायरी दवाइयां पाई गईं। कई वाहनों के इमरजेंसी एग्जिट काम नहीं कर रहे थे। इसके अलावा कुछ वाहनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस सिस्टम भी नहीं मिले। वहीं, कई स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने की शिकायत भी सामने आई। इन अनियमितताओं पर विभाग ने तत्काल चालानी कार्रवाई की।
बिना लाइसेंस और हेलमेट के स्कूटी चलाते मिले बच्चे
निरीक्षण के दौरान स्कूली बच्चों की ओर से यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए। कई बच्चे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के स्कूटी चलाते मिले। कुछ स्कूटियों पर निर्धारित संख्या से अधिक बच्चे सवार थे। अधिकारियों ने बच्चों को मौके पर रोककर यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया।
अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि बच्चों का जीवन और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नाबालिगों द्वारा बिना लाइसेंस व हेलमेट वाहन चलाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की।
अभियान के आगामी दिनों में स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक के लाइसेंस, यात्री क्षमता, इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड किट सहित सभी जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी स्कूल प्रबंधनों, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन नियमों का सख्ती से पालन करें।
Dehradun, Dehradun | Nov 16, 2026