पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रानीपुर के पास मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक सड़क हादसा हुआ। बिहार से मध्य प्रदेश जा रहा भैंसों से भरा एक ट्रक, एक्सप्रेसवे पर खड़े सरिया लदे ट्रैलर से टकरा गया। इस हादसे में ट्रक में सवार मध्य प्रदेश के तीन पशु व्यापारी घायल हो गए। दो भैंसों के पैर भी टूट गए।
घायल व्यापारियों की पहचान सतीश बघेल, जगदीश यादव और बबलू पाल के रूप में हुई है। ये तीनों मध्य प्रदेश के शोभनगर के रहने वाले हैं और हाजीपुर से भैंसें खरीदकर लौट रहे थे।
ट्रक चालक अंधेरे या तेज रफ्तार के कारण ट्रैलर को देख नहीं पाया और टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और परिचालक मौके से भाग गए।
यूपीडा टीम और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रानीपुर थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। फरार चालक की तलाश जारी है।
Muhammadabad Gohna, Mau | Sep 30, 2026