राजस्थान की औद्योगिक व आर्थिक प्रगति का नया अध्याय है एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी-गहलोत
जिला मुख्यालय पर कृषि उपज मंडी में हुआ एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण पर हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
चूरूः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को प्रदेश के बालोतरा जिले के पचपदरा से भारत की प्रथम ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित की। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम व जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वीसी के जरिए पचपदरा से जुड़ा रहा। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष देवेंद्र झाझड़िया, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, पूर्व जिला प्रमुख वंदना आर्य, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी निश्चय प्रसाद एम सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने कहा कि यह दुनिया की सबसे उन्नत रिफाइनरी में से एक है और यह परियोजना देश के लिए पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की रेतीली धरती पर इस परियोजना का निर्माण अद्वितीय इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। राजस्थान रिफाइनरी में एफिल टॉवर से 40 गुना अधिक करीब 3 लाख मीट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है। इसमें इस्तेमाल की गई 28 हजार किमी लंबी केबल पृथ्वी के व्यास से भी दोगुनी है। इस परियोजना ने रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के संकल्पित प्रयासों से शेखावाटी क्षेत्र की करीब 32 वर्षों से लंबित पुरानी मांग पूरी होने से यमुना का पानी शेखावाटी आएगा और यहां करीब 75 लाख आबादी की प्यास बुझाएगा। शेखावाटी क्षेत्र को समृद्ध करने वाली 34102 करोड़ रुपये की इस परियोजना से चूरू, झुंझुनूं व सीकर जिलों की पेयजल समस्या का समाधान हो सकेगा। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि यह परियोजना राजस्थान की विकास यात्रा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। रिफाइनरी प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, ऊर्जा सुरक्षा और निवेश को नई दिशा देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के प्रयासों से नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में यमुना जल परियोजना को लेकर राजस्थान और हरियाणा के बीच हुए मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) से यहां के लोगों की लगभग 32 वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। लगभग 34,102 करोड़ रुपये की इस परियोजना से राजस्थान की जल सुरक्षा सुदृढ़ होगी। इसके अंतर्गत राजस्थान के हिस्से का पानी हथिनीकुंड बैराज से लगभग 295.5 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली के माध्यम से चूरू जिले के हंसियावास जलाशय तक पहुंचाया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत तीन भूमिगत पाइपलाइन, निरीक्षण सड़क, कृत्रिम जलाशय तथा आधुनिक जल प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाएगी। विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला सशक्तीकरण के लिए संकल्पित हैं। सरकार के प्रयासों से राजस्थान रिफाइनरी और यमुना जल समझौता प्रदेश के विकास में स्वर्णिम अध्याय है। पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि आज राजस्थान में सोने का सूर्य उदय हुआ है। यमुना जल समझौते से शेखावाटी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इस दौरान वासुदेव चावला, बसंत शर्मा, अजीत मांडन ने भी विचार व्यक्त किए। अतिथियों ने दयाराम मेघवाल, कंचन कंवर, तपेश, भारती पारीक, समेस्ता, निशा सोनी, निकिता, अंकित, महेंद्र कुमार गुर्जर सहित नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट व नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान सुमित्रा पूनिया, पूर्व सभापति राजकरण चौधरी, चंद्राराम गुरी, एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर, पूर्व सभापति विजय शर्मा, मधुसूदन राजपुरोहित, विक्रम कोटवाद, अभिषेक चोटिया, दौलत तंवर, नरेंद्र काछवाल, नरेंद्र सैनी, फतेहचंद सोती, सुरेश सारस्वत, एसडीएम धीरज झाझड़िया, तहसीलदार अशोक गोरा सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन रवि दाधीच व संजीव तेतरवाल ने किया।
विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास
पचपदरा में आयोजित कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम भजनलाल शर्मा ने 01 लाख 05 हजार 939 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। पीएम मोदी व सीएम शर्मा ने 79,459 करोड़ से अधिक की एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना, बीकानेर डिवीजन में उत्तर-पश्चिम रेल्वे में 469 करोड़ रुपये की चूरू, सादुलपुर डबलिंग, 423 करोड़ रुपये की चूरू रतनगढ़ डबलिंग राष्ट्र को समर्पित की। इसी के साथ 13,037 करोड़ रुपये की जयपुर मेट्रो फेज-2 व 2735 करोड़ रुपये की आरईजी फेज-4 के पावर ट्रांसमिशन सिस्टम (जैसलमेर बाड़मेर कॉम्प्लेक्स) सहित 15,772 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बालोतरा में लगभग एक लाख 6 हजार करोड़ रुपए की पेट्रोकेमिकल्स, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने 54 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी सौंपे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यमुना जल समझौते के एमओए के लिए शेखावाटी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दी।
#follower #nonfollowers #followerseveryone
#foryouシ
Churu, Churu | Jul 4, 2026