बाइक टैक्सी चालकों ने पिकाडली चौक पर शांतिपूर्ण धरना देकर नई नीति की मांग की
ट्राइसिटी राइडर्स वेलफेयर सोसाइटी और चंडीगढ़ ऐप बेस्ड वर्कर्स यूनियन से जुड़े बाइक टैक्सी चालकों ने पिकाडली चौक पर शांतिपूर्ण धरना देकर चालान रोकने, स्पष्ट नीति बनाने और केंद्र सरकार की Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 के अनुरूप बाइक टैक्सी संचालन की अनुमति देने की मांग की।
यूनियन का कहना है कि मौजूदा स्थिति से हजारों ड्राइवरों की आजीविका प्रभावित हो रही है। स्पष्ट कानूनी ढांचा बनने से सरकार को राजस्व, यात्रियों को किफायती परिवहन और ड्राइवरों को सुरक्षित रोजगार मिल सकता है।
यूनियन के प्रधान साहिल कुमार ने घोषणा की कि स्थायी नीति बनने तक हर बुधवार शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें प्रशासन तक पहुंचाना है।
प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम नहीं की गई और यातायात प्रभावित किए बिना लोगों को बाइक टैक्सी सेवा व चालकों की समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने भी सहयोग किया।
प्रदर्शन के बाद यूनियन के 7 पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन विभाग पहुंचकर परिवहन सचिव दीपावरा लाकरा जी को सुझाव पत्र एवं मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र की गाइडलाइंस के अनुरूप राज्य स्तर पर निर्धारित टैक्स, परमिट और सुरक्षा नियमों के तहत बाइक टैक्सी संचालन की व्यवस्था बनाने की मांग की।
यूनियन ने पंजाब के परिवहन विभाग के सचिव को भी ज्ञापन देकर बाइक टैक्सी चालकों को नई एग्रीगेटर व्यवस्था में काम का अवसर देने की मांग की।
यूनियन ने प्रशासन से जल्द स्पष्ट, सरल और रोजगारहितैषी नीति लागू करने की अपील की है।
#BikeTaxi #chandigarhnews #tricitynews #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Oct 8, 2026